भोपाल, मध्य केसरी डेस्क। कोरोना वैक्सीन लगाने के मामले में शुक्रवार को मध्यप्रदेश में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रदेश ने निर्धारित टारगेट का पीछा करते हुए 89 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। जबकि गुजरात 88 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर है और कर्नाटक तीसरे नंबर पर। प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग इससे अपनी एक बड़ी उपलब्धि मान रहा है। राज्य टीकाकरण अधिकारी संतोष शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार को हमने 89 प्रतिशत टारगेट पूरा कर लिया है। बहुत जल्द इसे 100 फ़ीसदी में बदल देंगे। इसके लिए हमारे हजारों हेल्थ वर्कर बधाई के पात्र हैं।
सिर्फ 29% को लगा दूसरा डोज
प्रथम डोज लगाने में भले ही प्रदेश देश में अव्वल हो लेकिन दूसरे डोज का प्रतिशत बहुत कम है। शुक्रवार की स्थिति में मध्यप्रदेश में सिर्फ 29% लोगों को वैक्सीन का दूसरा डोज लग सका है। जबकि गुजरात में 42% लोगों को वैक्सीन के दोनों डोज लगा दिए हैं। वहीं कर्नाटक और आंध्र प्रदेश 35% और राजस्थान 32% लोगों को वैक्सीन के दोनों डोज लगा चुका है।
ऐसे समझिए नंबर वन की कहानी
मध्य प्रदेश में अब तक चार करोड़ 19 लाख लोगों को वैक्सीन का पहला डोज लग चुका है, जो कि प्रदेश की लक्षित आबादी 5 करोड़ 53 लाख का 89 प्रतिशत है। प्रतिशत के नजरिए से यह आंकड़ा देश में नंबर वन है, लेकिन आबादी के नजरिए से नहीं। क्योंकि देश में सबसे ज्यादा आबादी उत्तर प्रदेश की है, वहां लगभग 15 करोड लोगों को वैक्सीन लगाई जानी है। अभी तक यूपी में 9 करोड़ 5 लाख लोगों को वैक्सीन का पहला डोज दिया गया है, जो कि लक्षित आबादी का 61% है। पहला और दूसरा डोज दिए जाए तो यूपी में यह संख्या 11 करोड़ 44 लाख होती है।
तीन लाख से ज्यादा गर्भवती महिलाओं को लगा पहला डोज
गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के मामले में मध्य प्रदेश सबसे आगे है। यहां अब तक 3 लाख एक हजार गर्भवती महिलाओं को वैक्सीन का पहला डोज लग चुका है। इनमें से करीब 4 हजार महिलाओं के दोनों डोज कंप्लीट हो चुके हैं।
सेकंड डोज के लिए सोमवार को विशेष बैठक
प्रदेश में वैक्सीन के दूसरे डोज का प्रतिशत बढ़ने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को कवर करने के लिए एक अहम बैठक सोमवार को आयोजित की गई है। इसमें रणनीति बनाई जाएगी कि कैसे लोगों को दूसरा दोज जल्द से जल्द लगाया जाएगा। एक अनुमान के मुताबिक प्रदेश में लगभग 40 लाख लोग ऐसे हैं जिनके दूसरे डोज का समय हो चुका है और उन्होंने अभी तक से सेकेंड डोज नहीं लगवाया है।
मध्यप्रदेश में वैक्सीनेशन की स्थिति
कुल टीके लगे : 6,49,62,052
पहला टीका : 4,89,23,133
दूसरा टीका : 1,60,40,919
कोविडशील्ड के डोज : 5,79,95,185
कोवैक्सीन के डोज : 69,49,723