ज्यादा सोने से शरीर को हो सकते हैं कई नुकसान

Rahul Garhwal

कोरोना वायरस की वजह से पूरे देश में लॉकडाउन है। लोग अपने-अपने घर में हैं। कोई यह वक्त अपने परिवार के साथ बिता रहा है,तो कोई नई-नई डिश बनाने में व्यस्त है। कुछ लोग ऐसे भी हैं,जो ज्यादातर वक्त सोने में बिता रहे हैं। जो लोग लॉकडाउन के दौरान 8 घंटे से ज्यादा की नींद ले रहे हैं, वह ज्यादा सोने से होने वाले नुकसानों के बारे में जानकर ज्यादा सोना छोड़ देंगे। जिस तरह से कम सोने से शरीर को नुकसान होता है,उसी तरह से ज्यादा सोना भी सेहत के लिए हानिकारक है।


बढ़ सकता है आप का मोटापा

मोटापा कई बीमारियों की जड़ है। ज्यादा सोने वाले लोगों को मोटापे का खतरा ज्यादा होता है,क्योंकि ज्यादा सोने से हमारे शरीर की शारीरिक गतिविधियां बंद हो जाती हैं,जिससे हमारा डाइजेशन भी प्रभावित होता है। जो खाना हम खाते हैं,वह फैट के रूप में हमारे शरीर में जमा होने लगता है ।


दिल की बीमारियों का खतरा

ज्यादा सोना आपके शरीर के लिए ही नहीं आपके दिल के लिए भी हानिकारक है। एक रिसर्च के मुताबिक 9 से 11 घंटे तक सोने वाली महिलाओं को दिल की बीमारियों का खतरा 40 प्रतिशत ज्यादा होता है।


हो सकती है डायबिटीज

अगर आप ज्यादा सोते हैं तो डायबिटीज से पीड़ित हो सकते हैं। ज्यादा सोने वाले लोगों के फिजिकल वर्क में कमी आती है,जिससे डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है। एक रिसर्च के मुताबिक 9 घंटे से ज्यादा सोने वाले लोगों के शरीर में शुगर की मात्रा अनियंत्रित हो सकती है,जिससे आप डायबिटीज का शिकार हो सकते हैं।


ज्यादा सोने से पीठ में दर्द

जो लोग ज्यादा देर तक बैठकर काम करते हैं या ज्यादा देर तक सोते हैं,उन्हें पीठ में दर्द की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। ज्यादा देर तक सोने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन ठीक से नहीं हो पाता और पीठ में दर्द और जकड़न जैसी समस्या आम हो जाती है।


डिप्रेशन का भी खतरा

ज्यादा सोने से आप डिप्रेशन के शिकार हो सकते हैं। ज्यादा सोने से शरीर सुस्त हो जाता है,जिससे हम आलसी हो जाते हैं। हमारे शरीर में उत्साह की कमी हो जाती है। ज्यादा सोने से दिमाग पर भी असर पड़ता है। हमारा दिमाग सकारात्मक नहीं सोचता और हम डिप्रेशन का शिकार हो सकते हैं।


6 से 8 घंटे की नींद पर्याप्त

एक स्वस्थ इंसान के लिए 6 से 8 घंटे की नींद पर्याप्त होती है। सिर्फ 6 से 8 घंटे सोकर ही इंसान तरोताज़ा महसूस करता है। ज्यादा सोने से भी नुकसान होता है और कम सोना भी सेहत के लिए हानिकारक है,इसलिए 6 से 8 घंटे ही सोना चाहिए।


सोने से जुड़ी कुछ रोचक बातें

* मनुष्य अपने जीवन का एक तिहाई हिस्सा या लगभग 25 साल सोने में ही बिता देता है।

* लगातार 11 दिन 25 मिनट तक जागने का रिकॉर्ड अमेरिका के रैंडी गार्डनर के नाम है,जो उन्होंने 1964 में 17 साल की उम्र में बनाया था।

* एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत के लोग औसतन 6 घंटे 33 मिनट की नींद लेते हैं।

* कई तिब्बती भिक्षु बैठकर भी सो सकते हैं।

* मनुष्य औसतन 7 मिनट के अंदर सो जाता है।

* पूरे विश्व के 15 प्रतिशत लोगों को नींद में चलने और काम करने की बीमारी है।

* सिर्फ घोड़ा ही एक ऐसा जीव है,जो खड़े-खड़े सो सकता है।

* जब इंसान ज्यादा खुश होता है,तब वह बिना सोए रह सकता है।

* पूरा चाँद निकलने पर इंसान कम सोता है।

* सोते वक्त छींकना लगभग असंभव है।