भोपाल, मध्य केसरी डेस्क। मध्य प्रदेश में 46 नगरीय निकायों के चुनाव कई मायनों में खास रहे। इन चुनावों में प्रचार का अंदाज भी चर्चाओं में है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ आधुनिक साधनों हवाई जहाज और हेलीकाप्टर का इस्तेमाल किया तो वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की सीधे संपर्क वाली शैली को आत्मसात करते नजर आए और उन्होंने प्रचार के लिए सड़क मार्ग का सहारा लिया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी प्रचार में हेलीकॉप्टर व हवाई जहाज का इस्तेमाल किया।
राज्य के 18 जिलों के 46 नगरीय निकायों में चुनाव हो रहे हैं, जिन स्थानों पर चुनाव होना हैं, इनमें 17 नगर पालिका और 29 नगर परिषद शामिल है। मतदान 27 सितंबर को हुआ तो नतीजे शुक्रवार को आने वाले हैं। यह चुनाव सियासी तौर पर भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए अहम है, इसीलिए दोनों दलों ने पूरा जोर लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इसके साथ ही प्रचार की कमान दिग्गजों ने संभाले रखी। कांग्रेस के चुनाव प्रचार की पूरी कमान प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ संभाले हुए थे तो भाजपा की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेशाध्यक्ष शर्मा के कंधों पर थी।
इन छोटे चुनाव में भी दोनों ही दलों ने पूरी ताकत झोंकी, यह इस बात से भी साबित होती है कि दोनों दलों के नेता एक पखवाड़े से ज्यादा समय तक प्रचार अभियान में जुटे रहे। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने लगभग दस स्थानों का दौरा किया और उन्होंने इन स्थानों तक पहुंचने के लिए हवाई जहाज और हेलीकाप्टर का सहारा लिया। वहीं दूसरी ओर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने दो दर्जन से ज्यादा स्थानों पर पहुंचकर पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार किया। इस दौरान वे सड़क मार्ग से कार के जरिए इन स्थानों तक पहुंचे।
राष्ट्रीय स्वयं संघ के जानकार का कहना है कि संघ हमेशा सतत संपर्क करने पर जोर देता है, पहले संघ के पदाधिकारी बस के सहारे एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचते थे और रास्ते में आने वाले सभी स्थानों पर सूचना देकर वहां के स्वयं सेवकों से मुलाकात भी कर लेते थे। यह कार्यकर्ता और स्वयं सेवकों से सीधे संपर्क का सबसे बेहतर तरीका है, यही कुछ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने नगरीय निकायों के दौरान अपनाया, यह अपनों से जुड़ने का सबसे अच्छा तरीका है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने जहां अधिकांश यात्राएं सड़क मार्ग से की तो वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान का सवाल है तो उन्होंने अपनी प्रषासनिक व्यस्तताओं के चलते हवाई मार्ग का सहारा लिया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने चुनाव के दौरान सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, शिवपुरी, नरसिंहपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, खंडवा, खरगोन, इंदौर, देवास, सीहोर आदि स्थानों का दौरा किया। इनमें से अधिकांश यात्राएं सड़क मार्ग से कार के जरिए की गई, एक या दो बार ही रेल यात्रा का सहारा लिया गया।
राज्य में शुक्रवार को जिन 46 नगरीय निकायों के नतीजे आने वाले हैं, वहां 27 सितंबर को मतदान हो चुका है। कुल 72.60 प्रतिशत मतदान हुआ है। इनमें से 74.20 प्रतिशत पुरूष और 71 प्रतिशत महिला मतदाताओं तथा 57.90 प्रतिशत अन्य मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया है। मतगणना 30 सितम्बर को सुबह नौ बजे से होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राकेश सिंह ने बताया है कि 46 नगरीय निकायों में 3397 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में थे। कुल 25 पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इनमें से नगरीय निकाय खुरई में 21 और बम्हनीबंजर, बैहर, महेश्वर और थांदला में एक-एक पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।